| |

कांग्रेस में बड़ा बवाल: वरिष्ठ नेता राकेश सिंह यादव ने छोड़ी पार्टी, जीतू पटवारी पर लगाए गंभीर आरोप

मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने पार्टी में अंदरूनी मतभेद के चलते इस्तीफा दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और संगठन प्रभारी हरीश चौधरी पर आरोप लगाए हैं।

यादव ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को योग्य नहीं बताते हुए कहा है उन्होंने संगठन को कमजोर किया है और मनमाने फैसले लेने के आरोप लगाए है। आरोप लगाया कि हरीश चौधरी ने पंजाब में टिकट बेचे और पटवारी ने उन्हें डिफेंडर दी। वहीं कांग्रेस संगठन का कहना है कि यादव ने इस्तीफा नहीं दिया, बल्कि उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया है और पत्र भी जारी किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि वे तीन दशक से अधिक समय से कांग्रेस में सक्रिय हैं और कई नेताओं के साथ विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में वीर भूमि न्यास को लेकर लगाए गए आरोपों के संबंध में जब उन्होंने पार्टी नेतृत्व से सबूत मांगे, तो जवाब देने के बजाय उन्हें नोटिस थमा दिया गया।

संगठन के नेतृत्व पर भी हमला किया

यादव ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने राहुल गांधी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में गलत लोगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही संगठन सृजन अभियान और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। यादव ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और यदि संगठनात्मक ढांचे में सुधार नहीं हुआ तो आगामी नगरीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

कांग्रेस का कहना है अनुशासनहीनता के कारण निष्कासित किया

यह पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि राकेश सिंह यादव स्वयं पार्टी से इस्तीफा देने की बात कह रहे हैं, जबकि कांग्रेस का दावा है कि उन्हें अनुशासनहीनता के कारण निष्कासित किया गया है। ऐसे में इस्तीफे और निष्कासन को लेकर भी राजनीतिक बहस छिड़ गई है।

 

Share