ई-रिक्शा चालकों को राहत! केंद्र सरकार का 3 चीनी ऐप्स पर बड़ा एक्शन, बैटरी हैकिंग पर लगेगी रोक

दिल्ली सहित देश के कई शहरों में ई-रिक्शा चालकों के लिए परेशानी का कारण बने तीन चाइनीज मोबाइल ऐप्स के खिलाफ केंद्र सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आईटी मंत्रालय ने BAT-BMS, लॉसिजी और इपोच ली-आयन ऐप को ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, शुक्रवार तक ये ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध दिखाई दिए।

हाल के दिनों में शिकायतें मिली थीं कि कुछ लोग इन ऐप्स की मदद से ब्लूटूथ के जरिए ई-रिक्शा की बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) से कनेक्ट होकर चलते वाहन की बैटरी बंद कर देते थे। इससे ई-रिक्शा अचानक रुक जाता था और चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस तरह की घटनाओं के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे।

जांच में सामने आया कि कुछ ई-रिक्शा में लगी लिथियम-आयन बैटरियों का ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम पर्याप्त सुरक्षा से लैस नहीं था। कई मामलों में पासवर्ड नहीं था या सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी, जिससे कोई भी संबंधित ऐप आसानी से बैटरी से कनेक्ट होकर उसे नियंत्रित कर सकता था।

हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार इलेक्ट्रिक कारों और स्कूटरों के मालिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। इन वाहनों में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम मजबूत एन्क्रिप्शन और सुरक्षित प्रमाणीकरण तकनीक से लैस होते हैं, जिससे किसी सामान्य मोबाइल ऐप के जरिए उनकी बैटरी तक पहुंच बनाना संभव नहीं होता।

सरकार की इस कार्रवाई का उद्देश्य ई-रिक्शा चालकों की सुरक्षा करना और ब्लूटूथ के दुरुपयोग को रोकना है।

Share