| |

इंदौर चिड़ियाघर में आएगा 20 हजार लीटर पानी के साथ हिप्पो, बदले में कानपुर जाएगी शेरनी ‘वीरा’

इंदौर में आ रहा है हिप्पो। कानपुर प्राणी उद्यान का मशहूर दरियाई घोड़ा (हिप्पो) ‘सतीश’ जल्द ही एनिमल एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत इंदौर चिड़ियाघर भेजा जाएगा। जिसके यात्रा बिलकुल आसान नहीं होगी। करीब 700 किलोमीटर से सफर में उसके शरीर को ठंडा रखने के लिए पानी की बौछार की जाएगी। अनुमान है कि इस पूरी यात्रा के दौरान करीब 20 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, इस एक्सचेंज के तहत इंदौर चिड़ियाघर से एशियाई नस्ल की युवा शेरनी ‘वीरा’ कानपुर लाई जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे कानपुर चिड़ियाघर में शेरों के प्रजनन कार्यक्रम को नई गति मिलेगी।

इंदौर से युवा शेरनी लाने का फैसला लिया है। कानपुर चिड़ियाघर में पिछले 8 वर्षों से शेरों के परिवार में कोई नया सदस्य शामिल नहीं हुआ है। इसी को देखते हुए प्रबंधन ने इसके बदले कानपुर का हिप्पो सतीश इंदौर भेजा जाएगा।

दोनों चिड़ियाघरों के बीच एनिमल एक्सचेंज की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और अब केवल अंतिम औपचारिकताएं बाकी हैं।

विशेष पिंजरा में आएगा हिप्पो

हिप्पोपोटेमस के सुरक्षित परिवहन के लिए इंदौर चिड़ियाघर की ओर से विशेष पिंजरा तैयार कराया गया है। इसकी लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई हिप्पो के आकार के अनुसार तय की गई है, ताकि सफर के दौरान वह आराम से बैठ और खड़ा हो सके। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत से अधिक बड़ा पिंजरा जानवर के लिए जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसका विशेष डिजाइन तैयार किया गया है। हिप्पो ऐसा जीव है जो अपना अधिकांश समय पानी में बिताता है। लंबे सफर में उसके शरीर की नमी बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसी वजह से परिवहन के दौरान ट्रक में पानी की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

वाहन में बड़े पानी के टैंक लगाए जाएंगे, जिनसे लगातार स्प्रे के जरिए हिप्पो के शरीर पर पानी डाला जाएगा। जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों द्वारा बाल्टियों से भी पानी डाला जाएगा। अनुमान है कि कानपुर से इंदौर पहुंचने तक करीब 20 हजार लीटर पानी खर्च होगा।

कानपुर और इंदौर के बीच की दूरी लगभग 700 किलोमीटर है। यात्रा के दौरान वाहन की अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होगी। यह सीमा सेंट्रल जू अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित की गई है, ताकि जानवर को किसी तरह का तनाव या चोट न पहुंचे।

कानपुर पहुंचेगी शेरनी वीरा

एनिमल एक्सचेंज के तहत इंदौर की युवा शेरनी ‘वीरा’ को कानपुर चिड़ियाघर भेजा जाएगा। करीब तीन वर्ष की वीरा का जन्म इंदौर चिड़ियाघर में ही हुआ था और अब उसे कानपुर के नर शेर ‘शंकर’ के साथ रखा जाएगा।

चिड़ियाघर प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई जोड़ी से भविष्य में शेरों के प्रजनन कार्यक्रम को सफलता मिलेगी।

इंदौर चिड़ियाघर के अधिकारियों के अनुसार, हिप्पो के सुरक्षित परिवहन के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। वहीं, कानपुर चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि सेंट्रल जू अथॉरिटी से इस एनिमल एक्सचेंज की मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही दोनों जानवरों का स्थानांतरण कर दिया जाएगा।

Share