|

शिवपुरी माइनिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो में खनिज निरीक्षक युवक को थप्पड़ मारते दिखे

शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन (माइनिंग) को लेकर हुए विवाद में एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो ने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया है। वीडियो में खनिज निरीक्षक ऋषभ दीक्षित एक युवक को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि इससे पहले उन्होंने इसी युवक और उसके साथियों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज कराया था।

वीडियो में खनिज निरीक्षक ऋषभ दीक्षित पहले मंगल लोधी नामक युवक से उसका मोबाइल मांगते दिखाई देते हैं। इसके बाद वे अचानक मंगल लोधी को थप्पड़ जड़ देते हैं। थप्पड़ मारने के तुरंत बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस शुरू हो जाती है।

अवैध पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की थी जब्त जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले खनिज निरीक्षक ऋषभ दीक्षित पिछोर क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा था। चालक के पास वैध रॉयल्टी और परिवहन के कागजात न मिलने पर उन्होंने उसे जब्त कर लिया था।

इंस्पेक्टर ने दर्ज कराया था शासकीय कार्य में बाधा का केस जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब पुलिस बल के साथ थाने ले जाया जा रहा था, तब मौके पर मौजूद लोगों से टीम का विवाद हो गया था। इस घटना के बाद ऋषभ दीक्षित ने पिछोर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंगल लोधी और अन्य लोगों ने शासकीय कार्य में बाधा डाली, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और जब्त वाहन छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने इस शिकायत पर संबंधित धाराओं में एफआईआर भी दर्ज कर ली थी।

वीडियो के आधार पर पुलिस कर रही जांच अब थप्पड़ मारने का यह वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया रूप ले लिया है। हालांकि, थप्पड़ मारने से ठीक पहले और बाद की परिस्थितियां क्या थीं, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी जांच का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। विस्तृत तफ्तीश के बाद ही साफ हो सकेगा कि विवाद की असली शुरुआत कैसे हुई और इसमें किस पक्ष की क्या भूमिका रही है।

Share