|

वेनेजुएला में 126 साल का सबसे बड़ा भूकंप, 32 की मौत, 700 से ज्यादा घायल

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी। बुधवार शाम स्थानीय समयानुसार 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो भूकंप आने से कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। अब तक 32 लोगों की मौत और 700 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

भूकंप ऐसे दिन आया जब पूरे देश में 1821 में स्पेन के खिलाफ आजादी की लड़ाई की ऐतिहासिक जीत की वर्षगांठ पर राष्ट्रीय अवकाश था। स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे प्रभावित लोगों की संख्या अधिक रही।

भूकंप का केंद्र राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में बताया गया है। तेज झटकों के कारण कई बहुमंजिला इमारतें गिर गईं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। कराकस एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल गया।

भूकंप के बाद अब तक 20 आफ्टरशॉक दर्ज किए जा चुके हैं। राहत एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार यह वेनेजुएला में पिछले 126 वर्षों का सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है।

अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Share

Similar Posts