नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, लखनऊ से पहुंची इंडिगो की पहली कमर्शियल उड़ान
उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने सोमवार को एक नया इतिहास रच दिया। लंबे इंतजार के बाद एयरपोर्ट पर कमर्शियल उड़ानों का संचालन आधिकारिक रूप से शुरू हो गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने एयरपोर्ट का उद्घाटन किया और पहली कमर्शियल उड़ान को रवाना किया।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली निर्धारित कमर्शियल फ्लाइट के रूप में इंडिगो की उड़ान 6E-2278 सुबह 8:05 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहुंची। यह विमान आगे बेंगलुरु के लिए रवाना होगा और निर्धारित समयानुसार सुबह 11:05 बजे वहां पहुंचेगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने केक काटकर इस ऐतिहासिक शुरुआत का जश्न मनाया। उन्होंने यात्रियों को स्मृति स्वरूप विशेष बोर्डिंग टिकट भी प्रदान किए। एयरपोर्ट से पहली उड़ान सुबह 8:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई, जिसमें एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि देने वाले 170 किसान और श्रमिक विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनमें कई महिला प्रतिभागी भी शामिल थीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश और देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में देश के शीर्ष पांच हवाई अड्डों में अपनी जगह बनाएगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन से ही चार प्रमुख गंतव्यों के लिए उड़ानों का संचालन शुरू किया जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि इंडिगो और आकासा एयर जैसी प्रमुख एयरलाइनों ने नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और अमृतसर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली-एनसीआर के हवाई यातायात दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश की सबसे महत्वाकांक्षी एविएशन परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है, जो भविष्य में उत्तर भारत के प्रमुख एयर ट्रांजिट हब के रूप में विकसित हो सकता है।
