| |

मप्र के स्कूलों में आज अपार आईडी दिवस, 30 जून तक चलेगा विशेष अभियान

मध्य प्रदेश के सभी स्कूलों में शनिवार को अपार आईडी दिवस मनाया जा रहा है। राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष अभियान के तहत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जाएगी। साथ ही आधार संबंधी त्रुटियों, दस्तावेजों की कमी अथवा तकनीकी कारणों से लंबित मामलों का भी निराकरण किया जाएगा।

जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि स्कूली विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार करने के लिए प्रत्येक शनिवार को मेगा अपार आईडी दिवस आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे सहमति पत्र के साथ स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों की अपार आईडी बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराएं।

क्या है अपार आईडी?

अपार (APAAR) आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का एक स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की व्यवस्था है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं की शिक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रखी जा सकेंगी।

डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेंगी उपलब्धियां

अपार आईडी के जरिए विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, समग्र रिपोर्ट कार्ड, छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी, सीखने के परिणाम, खेल उपलब्धियां, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रदर्शन तथा अन्य सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का डिजिटल संग्रह और संरक्षण किया जाएगा। इससे छात्रों का शैक्षणिक रिकॉर्ड लंबे समय तक सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध रहेगा।

30 जून तक चलेगा विशेष अभियान

राज्य स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाना और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करना है। इसके लिए विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 30 जून तक चलने वाले इस अभियान का लाभ उठाकर अपने बच्चों की अपार आईडी अवश्य बनवाएं, ताकि भविष्य में उनकी शैक्षणिक जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित और व्यवस्थित रूप में उपलब्ध रह सके।

Share

Similar Posts