भारतीयों की मौत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, इंदौर में अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला फूंका
स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ क्षेत्र में भारतीय मालवाहक जहाजों पर हुए हमलों और भारतीय नागरिकों की मौत की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर के पलसीकर चौराहे पर अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला दहन कर केंद्र सरकार की कथित निष्क्रियता और चुप्पी के खिलाफ आवाज उठाई।
यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी, दीपक छाबड़ा और दीपक वानखेड़े के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय नागरिकों और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारतीय जहाजों और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उनका आरोप है कि लगातार हो रहे हमलों और भारतीय नागरिकों की मौत की घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हस्तक्षेप करते हुए भारतीय नाविकों और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं निर्णायक कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार को अधिक संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर केंद्र सरकार का मौन देशवासियों को निराश कर रहा है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कूटनीतिक पहल की जाती तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और जवाबदेही की मांग को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी तथा इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
