| |

छावनी में बदले पोस्टरों के सुर; पहले विरोध अब आभार ,विधायक गोलू शुक्ला का फोटो भी लगाया

नगर निगम द्वारा मास्टर प्लान के तहत छावनी और जिंसी क्षेत्र की सड़कों को 60 फीट चौड़ा करने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कई मकानों और दुकानों के हिस्से हटाए गए, जिसके बाद प्रभावित लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि कार्रवाई के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया और कुछ स्थानों पर निर्धारित सीमा से अधिक तोड़फोड़ की गई।

कार्रवाई के विरोध में पहले लगाए गए पोस्टरों में ये कहां जा रहा था की “आज हमारी, कल तुम्हारी बारी” और “छावनी की बर्बादी पर हंसने वालों, एक दिन आपका भी आएगा” जैसे संदेश लिखे गए थे, जो शोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था। इन पोस्टरों के जरिए लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर अपनी असहमति जताते हुए अपनी नाराज़गी व्यक्त की थी।

अब जनप्रतिनिधियों को आभार व्यक्त किया

अब सामने आए नए पोस्टरों में मधुमिलन चौराहे से छावनी तक सड़क को 60 फीट चौड़ा किए जाने के लिए जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद किया गया है। पोस्टर में विधायक गोलू शुक्ला का फोटो भी लगाया गया है। जानकारी के अनुसार ये पोस्टर भाजपा कार्यकर्ता पलक जैन की ओर से लगाए गए हैं।

इस पूरे मामले के दौरान 22 मई को एक हादसा भी हुआ था। सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के बीच बिजली का एक पोल गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से एक डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका ऑपरेशन करना पड़ा था। घटना के बाद प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे।

रहवासियों ने नगर निगम पर मकानों पर लगाए गए निशान बदलने, तय सीमा से अधिक हिस्से तोड़ने और कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए थे। वहीं, कार्रवाई के विरोध में जनहित पार्टी ने ‘न्याय रैली’ निकाली थी और बिना पर्याप्त मुआवजे व सहमति के तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया था।

कांग्रेस ने भी इस मामले में प्रभावित परिवारों का समर्थन करते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े किए थे और उचित राहत तथा मुआवजे की मांग की थी।

फिलहाल, विरोध और समर्थन वाले पोस्टरों के बीच छावनी क्षेत्र का यह मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।

Share

Similar Posts