मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले निर्देशक जैग़म इमाम, बताई ‘द नर्मदा स्टोरी’ की खासियत
भोपाल। आगामी हिंदी फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ की टीम ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान फिल्म के निर्देशक Zaigam Imam और अभिनेता Sharad Singh भी मौजूद रहे। मुलाकात में फिल्म की कहानी, निर्माण प्रक्रिया और मध्य प्रदेश से इसके गहरे संबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई।
निर्देशक जैग़म इमाम ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिल्म की पूरी शूटिंग मध्य प्रदेश में की गई है। फिल्म में प्रदेश की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, सामाजिक परिवेश और स्थानीय जीवनशैली को प्रमुखता से दिखाया गया है। साथ ही प्रदेश के कलाकारों और तकनीशियनों को भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए गए हैं।
फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता Raghubir Yadav, Mukesh Tiwari, Ishtiyak Khan, सदानंद पाटिल और Simala Prasad प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं रंगमंच और सिनेमा जगत के वरिष्ठ कलाकार Alok Chatterjee की यह अंतिम फिल्म होगी, जिसे उनके योगदान को श्रद्धांजलि के रूप में भी देखा जा रहा है।
फिल्म की एक बड़ी विशेषता यह है कि इसमें मध्य प्रदेश के शहरों और स्थानों के वास्तविक नामों का उपयोग किया गया है। साथ ही मुख्यधारा की हिंदी फिल्मों में पहली बार एक आदिवासी महिला पुलिस अधिकारी को केंद्रीय किरदार के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
निर्देशक जैग़म इमाम ने कहा कि मध्य प्रदेश में फिल्मांकन का अनुभव बेहद सुखद रहा। उनके अनुसार, फिल्म दर्शकों को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और सामाजिक विविधता से नए अंदाज में परिचित कराएगी।
‘द नर्मदा स्टोरी’ केवल एक क्राइम-थ्रिलर फिल्म नहीं है, बल्कि महिला पुलिस अधिकारियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को समर्पित एक प्रेरणादायक कहानी भी है। एबी इन्फोसॉफ्ट क्रिएशन और गोल्डन रेशियो के बैनर तले बनी इस फिल्म में Anjali Patil, Ashwini Kalsekar, Zarina Wahab, रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक खान अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
