प्रधानमंत्री मोदी आज गुजरात और दमन दौरे पर, 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात और दमन के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों क्षेत्रों में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य सेवाएं और कनेक्टिविटी से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 2:30 बजे गुजरात के सूरत जिले के हजीरा पहुंचेंगे। यहां वे संचालित औद्योगिक कार्यों और विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शाम लगभग 4:15 बजे सूरत में करीब 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
सूरत कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दमन के लिए रवाना होंगे। शाम लगभग 6:15 बजे वे दमन स्थित नामो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे नामो अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद प्रधानमंत्री शाम लगभग 7:15 बजे दमन में करीब 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना है।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से द्वीप समूह में कनेक्टिविटी, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी अपने दोनों कार्यक्रमों के दौरान जनता को संबोधित करेंगे और विकास परियोजनाओं के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। उनके इस दौरे को गुजरात, दमन और लक्षद्वीप के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
