|

आंगनबाड़ी केंद्र से चावल चोरी के आरोप पर बवाल, महिला कर्मी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के दो नंबर डाबग्राम अंचल स्थित फकदईबाड़ी इलाके में गुरुवार को एक आंगनबाड़ी केंद्र से चावल चोरी के आरोप को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि केंद्र की एक महिला कर्मी प्लास्टिक के बैग में चावल भरकर टोटो के माध्यम से कहीं ले जा रही थी, तभी स्थानीय लोगों को उस पर संदेह हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने महिला को रोककर बैग की जांच की, जिसमें चावल भरा हुआ मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने महिला को घेर लिया और मामले को लेकर विरोध जताया। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर आशिघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपित महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से चावल से भरा बैग भी बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

स्थानीय निवासियों का दावा है कि संबंधित महिला कर्मी पर पहले भी आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए आने वाली खाद्य सामग्री में अनियमितता और चोरी के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि महिला ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें खारिज कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद चावल आंगनबाड़ी केंद्र का था या नहीं।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Share

Similar Posts