असम में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 4.5 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, तीन महिलाओं समेत छह तस्कर गिरफ्तार
कछार। असम में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कछार जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लगभग 4.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
कछार जिला पुलिस मुख्यालय के अनुसार उदारबंद थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर एक ट्रक (एएस-11डीसी-8629) की तलाशी ली गई। जांच में ट्रक से 8,010 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप और 150 पैकेट ट्रामाडोल टैबलेट बरामद किए गए। कुल 36,000 ट्रामाडोल टैबलेट जब्त की गईं। इस मामले में ट्रक चालक ग्यासुद्दीन लस्कर को गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य अभियान में कलाइन थाना क्षेत्र के दिगोरखाल इलाके में पुलिस ने एक ट्रक (एएस-01ईसी-2533) को रोककर तलाशी ली। ट्रक से 14 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई 170 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में आजाद उद्दीन को गिरफ्तार किया गया।
सिलचर शहर में फतोक बाजार के पास पुलिस ने अजीम उद्दीन लस्कर उर्फ ‘काला’ नामक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से संदिग्ध हेरोइन से भरी 35 शीशियां बरामद हुईं, जिनका वजन लगभग 1.7 ग्राम बताया गया है।
इसी प्रकार सिलचर रेलवे स्टेशन के निकट पुलिस ने गुल निहार बेगम लस्कर नामक महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 15 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई 298 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई।
वहीं सोनाई थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रश्मीना बेगम (31) और ममताज बेगम चौधरी (37) को गिरफ्तार किया। दोनों महिलाओं के कब्जे से 11 साबुनदानियों में रखी 122 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। दोनों आरोपी जिरिघाट थाना क्षेत्र के माखन नगर बस्ती की निवासी बताई गई हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
असम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
