दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद वाराणसी में बड़ा सुरक्षा अभियान, होटलों और गेस्ट हाउसों की हुई जांच

वाराणसी। दिल्ली में हाल ही में हुए होटल अग्निकांड के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गुरुवार को होटलों और गेस्ट हाउसों की अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच की गई। अभियान के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी स्वयं टीम के साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने पहुंचे और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान छावनी क्षेत्र स्थित होटल क्लार्क समेत कई प्रमुख होटलों में अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता और उपलब्धता की जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं पाया गया, उन्हें चेतावनी दी गई। साथ ही संबंधित होटल प्रबंधन के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

इसी क्रम में गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने थाना बड़ागांव क्षेत्र के होटल संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी होटल एवं गेस्ट हाउस केवल वैध लाइसेंस के तहत संचालित हों और लाइसेंस परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र के आधार पर सत्यापन किया जाए और उसकी जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के लिए भी कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने होटल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर होटलों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच, प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता और स्पष्ट रूप से चिन्हित इमरजेंसी एग्जिट बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता पोस्टर लगाने तथा डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने की सलाह भी दी गई।

इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और होटल परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने होटल संचालकों से कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन का कहना है कि पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share

Similar Posts