पंजाब के 5 मंदिरों और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़। पंजाब के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों और चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और सभी संवेदनशील स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच विस्फोट किए जाएंगे। ई-मेल में अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसरखाना मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का नाम शामिल था। इसके साथ ही चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई।
धमकी मिलने के तुरंत बाद संबंधित मंदिर परिसरों और सचिवालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
पुलिस और साइबर सेल की टीमें ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि ई-मेल किस आईडी से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे संदेश में 6 जून 1984 को श्री दरबार साहिब में हुई सैन्य कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है और बदले की भावना से कार्रवाई करने की बात लिखी गई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
फिलहाल सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
