|

मीरजापुर के धुंधी कटरा बाजार में भीषण आग, कई दुकानें चपेट में, लाखों के नुकसान की आशंका

मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद स्थित धुंधी कटरा बाजार में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। एक दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास के कई प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक एक दुकान से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से सामान निकालने के लिए जान जोखिम में डालकर भागदौड़ करते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि घंटों की मशक्कत के बाद भी उस पर पूरी तरह काबू पाने में काफी समय लगा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बाजार क्षेत्र के आसपास बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी।

स्थानीय दुकानदार शैलेंद्र ने बताया कि आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित व्यापारियों से बातचीत कर नुकसान का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने व्यापारियों से अपनी दुकानों का बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी आपदाओं के समय बीमा आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन साबित हो सकता है।

वहीं नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन नुकसान के आकलन और प्रभावित व्यापारियों को राहत पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

Share

Similar Posts