प्रधानमंत्री मोदी 5 जून को गुजरात-दमन दौरे पर, 21,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात
ई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को गुजरात और दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 21,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री लक्षद्वीप में 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण बंदरगाह परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 2:30 बजे गुजरात के सूरत जिले के हजीरा पहुंचेंगे, जहां वे औद्योगिक गतिविधियों और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे सड़क, ऊर्जा, स्वास्थ्य और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
सूरत को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें
प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई आठ लेन एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के महत्वपूर्ण हिस्सों को चार लेन में विकसित करने की परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इससे आदिवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच अधिक सुगम बनेगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री 200 बिस्तरों वाले आधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं, केंद्रीय प्रयोगशाला, 24 घंटे आपातकालीन और ट्रॉमा केयर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ऊर्जा क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें गुजरात ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार परियोजना, वलसाड विद्युत वितरण प्रणाली उन्नयन, दहेज पेट्रोलियम-रसायन एवं पेट्रो-रसायन निवेश क्षेत्र में अपशिष्ट निस्तारण अवसंरचना तथा जंबूसर बल्क ड्रग पार्क से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
दमन में नए टर्मिनल और नमो अस्पताल का उद्घाटन
शाम करीब 6:15 बजे प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां वे हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन और नमो अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
दमन में करीब 1,340 करोड़ रुपये की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी। नया टर्मिनल भवन क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूती देगा, जबकि नमो अस्पताल प्रतिदिन लगभग 1,500 मरीजों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री लगभग 1,630 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें प्रतिष्ठित आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) परिसर प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से पर्यटन, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
लक्षद्वीप में बंदरगाह विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री मोदी लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण बंदरगाह परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं में कल्पेनी और कदमत द्वीप के पूर्वी एवं पश्चिमी तटों पर आधुनिक बंदरगाह सुविधाओं का विकास शामिल है।
इन बहुउद्देशीय जेटियों के निर्माण के बाद 300 मीटर तक लंबे क्रूज और यात्री जहाजों का संचालन वर्षभर संभव हो सकेगा। साथ ही यात्री एवं माल प्रबंधन, मत्स्य प्रसंस्करण, ईंधन वितरण, बर्फ आपूर्ति और नौका मरम्मत जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
प्रधानमंत्री का यह दौरा बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, परिवहन, ऊर्जा और पर्यटन क्षेत्र में विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
