रतलाम एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, 20 फीट गहरी खाई में गिरी कार; 14 वर्षीय किशोरी की मौत
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो छोटे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धामनोद टोल नाके के समीप सुबह करीब 5 बजे हुआ।
20 फीट गहरी खाई में गिरी कार
पुलिस के अनुसार बिहार के गोपालगंज जिले के खजुरिया बथामी निवासी विक्की कुमार अपने परिवार के साथ कार से गुजरात के सूरत जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में उनकी 14 वर्षीय बेटी दीपा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्की कुमार, उनकी पत्नी रानी देवी और दोनों बेटे प्रीतम तथा पीयूष घायल हो गए।
बिहार से सूरत जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार परिवार बिहार से सूरत लौट रहा था। लंबी यात्रा के कारण शनिवार रात धामनोद टोल नाके के पास सड़क किनारे कुछ समय के लिए विश्राम किया गया था। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे यात्रा दोबारा शुरू की गई, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसा हो गया।
ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को ओवरटेक किया। इसी दौरान वाहन चालक ने कार को साइड में लेने का प्रयास किया, जिससे संतुलन बिगड़ गया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग तोड़कर खाई में जा गिरी।
घायल चालक विक्की कुमार का दावा है कि ओवरटेक करते समय ट्रक का पिछला हिस्सा उनकी कार से टकराया था, जिसके बाद वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पिता ने गेट तोड़कर बचाई परिवार की जान
हादसे के समय क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण तुरंत मदद नहीं मिल सकी। विक्की कुमार ने बताया कि कार पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह गेट तोड़कर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। सबसे पहले बेटी को बाहर निकाला गया, लेकिन उसके सिर में गंभीर चोट लग चुकी थी।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाल लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी






