सादगी का संदेश: भाजपा प्रशिक्षण वर्ग 2026 में ई-बस से पहुंचे सांसद शंकर लालवानी

भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग 2026 में सादगी, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश देखने को मिला। इंदौर सांसद शंकर लालवानी प्रशिक्षण स्थल तक ई-बस से पहुंचे, जहां उन्होंने आम नागरिकों और युवाओं के साथ सफर कर संवाद भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशव्यापी आह्वान के अनुरूप पेट्रोल-डीजल की बचत और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद लालवानी विजय नगर से एचआर ग्रीन गार्डन तक ई-बस में यात्रा कर पहुंचे।

युवाओं और नागरिकों से किया संवाद

यात्रा के दौरान सांसद शंकर लालवानी ने आम नागरिकों और युवाओं से मुलाकात कर प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के महत्व पर चर्चा की।

सफर के दौरान छात्र सरस जैन ने सांसद से सवाल किया कि क्या वे नियमित रूप से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं। इस पर सांसद लालवानी ने कहा कि उन्हें प्रतिदिन शहर के विभिन्न आयोजनों में जाना होता है, इसलिए नियमित रूप से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करना संभव नहीं हो पाता, लेकिन अब वे सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने का प्रयास करेंगे।

संसद देखने की इच्छा पर तुरंत दिया आश्वासन

ई-बस यात्रा के दौरान मोहित सिंह नामक युवक ने सांसद लालवानी से संसद की कार्यवाही के बारे में जानकारी ली और संसद देखने की इच्छा जताई। इस पर सांसद ने तत्काल अपने सहयोगी कपिल जैन को निर्देश देते हुए युवक की जानकारी नोट कर इंदौर से दिल्ली संसद भ्रमण कराने की जिम्मेदारी सौंपी।

भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक विषयों पर मंथन

भारतीय जनता पार्टी इंदौर शहर एवं ग्रामीण द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में जिले के जनप्रतिनिधि और संगठन के चयनित पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक विषयों, सेवा कार्यों और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

Share

Similar Posts