|

मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज: 9 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में लुढ़का पारा

भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग ने ग्वालियर समेत 9 जिलों में शनिवार को ओले गिरने और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, नीमच और मंदसौर में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं।

25 मई से शुरू हुए नौतपा के शुरुआती दिनों में प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा था। खजुराहो और नौगांव जैसे शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। हालांकि अब मौसम में बदलाव के कारण कई शहरों में तापमान तेजी से नीचे आया है।

बीते शुक्रवार को ग्वालियर और दतिया में तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और दतिया का 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी पारा नीचे आया है। भोपाल में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, उज्जैन में 41.6 डिग्री और जबलपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में 37.4 डिग्री, रीवा में 38.2 डिग्री, नौगांव में 38 डिग्री और खजुराहो में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

तापमान में गिरावट की बात करें तो खजुराहो में 7.3 डिग्री, नौगांव में 7.5 डिग्री, रीवा में 5.8 डिग्री, सतना में 5.6 डिग्री, भोपाल में 3.2 डिग्री और इंदौर में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 31 मई से 2 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, राजगढ़, धार, रतलाम, झाबुआ, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, शहडोल, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में अभी भी गर्मी का असर बना रह सकता है।

Share

Similar Posts