उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा: गंगनानी में कार खाई में गिरी, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगनानी-भटवाड़ी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व कठिन परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि हादसा गंगनानी क्षेत्र के पास देर रात हुआ।
जानकारी के अनुसार, डीसीआर उत्तरकाशी से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट भटवाड़ी और उजेली की टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि कार गहरी खाई में गिरी हुई थी और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दामोदर हरीराम जी रामटेककर (77 वर्ष) और लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 वर्ष) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में विमल कुमार प्रधान (61 वर्ष) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा, यशवीर (35 वर्ष) निवासी पंजाब और उपासना प्रधान (54 वर्ष) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है।
एसडीआरएफ जवानों ने रात के अंधेरे और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
वहीं मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
