CM मोहन यादव की पहल का असर: इंदौर में कलेक्टर-कमिश्नर सिटी बस से निकले, BRICS सम्मेलन तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल का असर अब इंदौर में भी दिखाई देने लगा है। आगामी BRICS सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी सिटी बस से दौरे पर निकले। अधिकारियों ने एयरपोर्ट से लेकर सम्मेलन स्थल और डेलीगेट्स के ठहरने वाले स्थानों तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

एयरपोर्ट से होटल और मीटिंग वेन्यू तक निरीक्षण

अधिकारियों की टीम ने एयरपोर्ट से BRICS प्रतिनिधियों के होटल, मीटिंग वेन्यू और प्रमुख मार्गों का सिटी बस में बैठकर दौरा किया। इस दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, सड़क की स्थिति, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

मीडिया से चर्चा में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रशासन सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह इंदौर और देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा आयोजन है, इसलिए हर व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ देखा जा रहा है।

BRICS मेहमानों को दिखेगा कृषि क्षेत्र का विकास

कलेक्टर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में ‘कृषि वर्ष’ मनाया जा रहा है। इसी के तहत सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के लिए कृषि क्षेत्र में हुए नवाचार और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल भी लगाए जाएंगे। ढक्कन वाला कुआं क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री की तर्ज पर अधिकारियों का बस दौरा

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं बड़े वाहन में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उसी मॉडल को अपनाते हुए अब इंदौर प्रशासन की टीम ने भी दो सिटी बसों में बैठकर निरीक्षण किया।

9 से 13 जून तक इंदौर में होगा BRICS सम्मेलन

इंदौर में 9 जून से 13 जून के बीच BRICS सम्मेलन आयोजित होना है, जिसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रशासन इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। इससे पहले भी इंदौर कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुका है।

Share

Similar Posts