इंदौर के MY अस्पताल के बाथरूम में मिला 3 महीने के मासूम का शव, CCTV खंगाल रही पुलिस
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने बने बाथरूम में एक करीब तीन महीने के मासूम शिशु का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ लोग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास स्थित बाथरूम का उपयोग करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर अंदर पड़े एक मासूम के शव पर पड़ी। घटना की सूचना तुरंत अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स को दी गई, जिसके बाद सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
शुरुआती जांच में तीन महीने के बच्चे की आशंका
डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृत शिशु की उम्र करीब तीन महीने के आसपास हो सकती है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। MY अस्पताल प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल है, जहां 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और परिसर में CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद कोई अज्ञात व्यक्ति मासूम का शव बाथरूम में छोड़कर कैसे चला गया, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मासूम को अस्पताल तक कौन लेकर आया और शव वहां कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।





