कर्नाटक में बड़ा सियासी बदलाव: CM सिद्धारमैया ने इस्तीफे का ऐलान, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

Karnataka की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने गुरुवार को अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। बेंगलुरु स्थित आवास पर मंत्रियों के साथ आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग में उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री D. K. Shivakumar भी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए, जिसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस घटनाक्रम के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं।
कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन के मुताबिक, डीके शिवकुमार को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सिद्धारमैया ने राज्यपाल Thawar Chand Gehlot से मुलाकात के लिए समय मांगा था, लेकिन पारिवारिक कारणों से राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु से बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। उन्होंने दोपहर 3 बजे तक इस्तीफा देने का समय मांगा था।
नियमों के अनुसार, राज्यपाल की अनुपस्थिति में भी मुख्यमंत्री लिखित रूप से ई-मेल या राजभवन कार्यालय के माध्यम से इस्तीफा दे सकते हैं। इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार होने तक सिद्धारमैया ही मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे।
कर्नाटक में इस राजनीतिक बदलाव को कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रही नेतृत्व चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें पार्टी हाईकमान के अगले फैसले पर टिकी हैं।






