पटना में गंगा नदी में नाव पलटी, 3 की मौत: 4 लापता, मृतकों में पिता-पुत्र शामिल

Patna के बाढ़ इलाके में गुरुवार सुबह गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। 15 लोगों से भरी एक नाव पलटने से 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ इलाके में हुआ। नाव पर सवार सभी लोग मासूमगंज बिंद टोली के निवासी थे और समस्तीपुर के सुल्तानपुर दियारा इलाके में खेती और सब्जी तोड़ने के काम से गए थे। लौटते समय गंगा नदी के बीच तेज हवा और अधिक भार के कारण नाव अचानक डगमगाने लगी और पलट गई।
मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30), श्रवण महतो (36) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। श्रवण महतो और काशी कुमार पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं। वहीं घायलों में राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की शामिल हैं। अन्य लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जैसे ही नदी की बीच धारा में पहुंची, अचानक असंतुलित होकर डूबने लगी। तेज बहाव के कारण कई लोग नदी में बह गए और उन्हें बचाने का मौका तक नहीं मिल पाया। स्थानीय मल्लाहों और गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर 7 लोगों की जान बचाई।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची है। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। शुरुआती जांच में नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और सुरक्षा उपकरणों की कमी को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।






