मप्र में उच्च शिक्षा ई-प्रवेश को लेकर छात्रों में उत्साह, 2.78 लाख पंजीयन
Madhya Pradesh में उच्च शिक्षा विभाग की ई-प्रवेश प्रक्रिया 2026-27 को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रथम चरण में अब तक स्नातक, स्नातकोत्तर और एनसीटीई पाठ्यक्रमों के लिए कुल 2.78 लाख से अधिक पंजीयन दर्ज किए गए हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा के अनुसार, अब तक कुल 2,78,742 पंजीयन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,10,460 आवेदनों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। प्रथम चरण में 87,687 विद्यार्थियों ने प्रवेश सुनिश्चित किया है।
इनमें स्नातक स्तर पर 70,752 और स्नातकोत्तर स्तर पर 16,935 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। विभाग का मानना है कि आगामी चरणों में यह संख्या और बढ़ सकती है।
उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि एनसीटीई पाठ्यक्रमों के प्रथम चरण में पंजीयन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 तय की गई है, जबकि सीट आवंटन सूची 10 जून को जारी की जाएगी।
सामान्य पाठ्यक्रमों के लिए द्वितीय चरण की पंजीयन प्रक्रिया 3 जून 2026 तक जारी रहेगी और सीट आवंटन सूची 7 जून को जारी की जाएगी।
विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे तय समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि समय पर प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।






