|

NEET पेपर लीक केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो और गिरफ्तार; अब तक 13 आरोपी अरेस्ट

Central Bureau of Investigation ने NEET पेपर लीक मामले में बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और साजिश की परतें खोलने में जुटी हुई है।

पहले आरोपी की पहचान डॉक्टर मनोज शिरूरे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के लातूर के निवासी बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, डॉ. मनोज ने एक कोचिंग सेंटर संचालक के बेटे समेत तीन छात्रों को आरोपी पीवी कुलकर्णी के माध्यम से केमिस्ट्री के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए थे।

वहीं, दूसरा गिरफ्तार आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह है, जो पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी (APMA) में फिजिक्स पढ़ाता है। जांच में सामने आया है कि उसे फिजिक्स के लीक प्रश्नपत्र पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे।

CBI के अनुसार, मामले की पूरी साजिश और जुड़े लोगों की पहचान के लिए जांच लगातार जारी है। एजेंसी अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में 49 स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

जांच एजेंसी का कहना है कि पेपर लीक नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

Share

Similar Posts