‘डॉन 3’ विवाद पर रणवीर सिंह की टीम की सफाई, कहा- इंडस्ट्री और सभी लोगों का करते हैं सम्मान
Ranveer Singh इन दिनों फिल्म Don 3 को लेकर उठे विवाद के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में Federation of Western India Cine Employees ने अभिनेता के खिलाफ ‘नॉन कॉपरेटिव डायरेक्टरी’ जारी कर दी थी। इसके तहत फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी, टेक्नीशियन और सदस्य अब रणवीर सिंह या उनकी किसी परियोजना के साथ काम नहीं करेंगे। इस पूरे मामले पर अब अभिनेता की टीम की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है।
रणवीर सिंह की टीम ने जारी बयान में कहा कि अभिनेता फिल्म इंडस्ट्री और ‘डॉन 3’ से जुड़े सभी लोगों के प्रति गहरा सम्मान रखते हैं। टीम के मुताबिक, रणवीर ने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी है, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए। बयान में यह भी कहा गया कि अभिनेता सार्वजनिक बयानबाजी या अटकलों में शामिल होना जरूरी नहीं समझते और फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने काम और आगामी प्रतिबद्धताओं पर है।
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रणवीर सिंह ने कथित तौर पर Farhan Akhtar की फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया। खबरों के अनुसार, अभिनेता और निर्माताओं के बीच रचनात्मक मतभेद सामने आए थे। बताया जा रहा है कि फिल्म की तैयारियां काफी आगे बढ़ चुकी थीं, ऐसे में रणवीर के प्रोजेक्ट छोड़ने से निर्माताओं को बड़ा नुकसान हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद Excel Entertainment ने अभिनेता से 40 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की, जिसके बाद मामला और अधिक बढ़ गया। इसी विवाद के चलते एफडब्ल्यूआईसीई को हस्तक्षेप करना पड़ा और अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की गई। हालांकि, अब रणवीर सिंह की टीम के बयान के बाद इस मामले पर इंडस्ट्री की नजर बनी हुई है।






