टीमटेक फॉर्मवर्क की शेयर बाजार में प्रीमियम एंट्री, IPO निवेशकों को पहले दिन 19% मुनाफा

कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री के लिए मॉड्यूलर टी-फॉर्मवर्क और कस्टमाइज्ड फॉर्मवर्क सिस्टम तैयार करने वाली कंपनी टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की है। कंपनी के शेयरों ने एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर 19.05 प्रतिशत प्रीमियम के साथ लिस्ट होकर अपने आईपीओ निवेशकों को पहले ही दिन मुनाफा दिलाया।

आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 63 रुपये प्रति शेयर के भाव पर जारी किए गए थे, जबकि स्टॉक मार्केट में इसकी एंट्री 75 रुपये के स्तर पर हुई। हालांकि लिस्टिंग के तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बनने से शेयर 71.25 रुपये के लोअर सर्किट स्तर तक फिसल गया, लेकिन कुछ समय बाद खरीदारी बढ़ने से इसमें सुधार देखने को मिला। दोपहर 12:30 बजे तक कंपनी का शेयर फिर 75 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इस तरह आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 12 रुपये यानी करीब 19.05 प्रतिशत का फायदा हुआ।

टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस का 50.15 करोड़ रुपये का आईपीओ 19 से 21 मई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से औसत प्रतिक्रिया मिली थी और यह कुल 7.01 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 4.28 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए 12.79 गुना और रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 6.10 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

कंपनी ने आईपीओ के जरिए 5 रुपये फेस वैल्यू वाले 79.60 लाख नए शेयर जारी किए हैं। जुटाई गई पूंजी का उपयोग नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने, प्लांट और मशीनरी खरीदने, पुराने कर्ज को कम करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी का शुद्ध लाभ लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 7.69 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो 2024-25 में बढ़कर 7.84 करोड़ रुपये और 2025-26 में उछलकर 11.59 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसी तरह कंपनी का कुल राजस्व भी 2023-24 के 30.31 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 54.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

हालांकि इस अवधि में कंपनी के कर्ज में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में 3.64 करोड़ रुपये का कर्ज बढ़कर 2025-26 में 16.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं रिजर्व और सरप्लस भी लगातार बढ़ा और 2025-26 में 22.21 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। कंपनी का EBITDA भी 2023-24 के 9.11 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 17.50 करोड़ रुपये हो गया, जो कंपनी की वित्तीय मजबूती को दर्शाता है।

Share

Similar Posts