पेट्रोल-डीजल की कीमतों में चौथी बढ़ोतरी पर राहुल गांधी का हमला, बोले- जनता की जेब पर वार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार चुनाव खत्म होने के बाद लगातार ईंधन की कीमतें बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “महंगाई का फिर हमला हुआ है। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाए जाते हैं, ताकि चुपके-चुपके जनता की जेब कटती रहे।” उन्होंने दावा किया कि वे लंबे समय से आर्थिक संकट की चेतावनी दे रहे थे, लेकिन सरकार चुनावों में व्यस्त रही।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल करीब 8 रुपये महंगा कर दिया गया और आने वाले समय में भी कीमतों में बढ़ोतरी जारी रह सकती है। उन्होंने सरकार पर चुनाव के दौरान वादे करने और बाद में जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
ईंधन कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के तहत 25 मई को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। इससे पहले 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे की वृद्धि हुई थी। वहीं 18 मई और 15 मई को भी पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया था।
इसके अलावा, 1 मई को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी वृद्धि की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.50 रुपये तक पहुंच गई थी। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है, जबकि आम जनता पर इसका असर महंगाई के रूप में देखने को मिल रहा है।






