पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद से कच्चे तेल में बड़ी गिरावट, मई में पहली बार 100 डॉलर से नीचे आया ब्रेंट क्रूड
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच एक संभावित मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MOU) के मसौदे पर सहमति बनने की खबरों के बाद बाजार में नरमी का रुख देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मई के महीने में पहली बार ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड 4.93 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट के साथ 98.61 डॉलर प्रति बैरल पर खुला। हालांकि बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी देखने को मिली, लेकिन कुछ समय बाद इसकी कीमत फिर गिरकर 97.40 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। भारतीय समयानुसार सुबह 10:15 बजे तक ब्रेंट क्रूड 5.61 डॉलर यानी 5.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.93 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। डब्ल्यूटीआई क्रूड 4.59 डॉलर प्रति बैरल की कमजोरी के साथ 92.01 डॉलर प्रति बैरल पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 92.55 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा, लेकिन बाद में गिरकर 90.45 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया। सुबह 10:15 बजे तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 5.49 डॉलर यानी 5.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.11 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद और अमेरिका-ईरान के बीच समझौते की संभावनाओं ने सप्लाई को लेकर निवेशकों की चिंताओं को कम किया है, जिसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है। आने वाले दिनों में वैश्विक राजनीतिक घटनाक्रम और ऊर्जा बाजार की स्थिति पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।






