शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, मुनाफावसूली के बावजूद सेंसेक्स-निफ्टी मजबूत

पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के दम पर सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में मजबूती का रुख देखने को मिला। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीद तथा होर्मुज स्ट्रेट के दोबारा खुलने की संभावना से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिसके चलते सोमवार को बाजार मजबूत शुरुआत करने में सफल रहा। हालांकि बाद में मुनाफावसूली के दबाव के बावजूद बाजार बढ़त में बना रहा।

शुरुआती कारोबार के दौरान खरीदारी के समर्थन से बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों के मार्केट कैप में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 1.01 प्रतिशत और निफ्टी 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

सेंसेक्स ने मजबूत शुरुआत की
बीएसई सेंसेक्स 720.47 अंक की तेजी के साथ 76,135.82 अंक पर खुला। शुरुआती 10 मिनट में खरीदारी बढ़ने से यह 76,334.77 अंक तक पहुंच गया। बाद में मुनाफावसूली शुरू होने से इसमें कुछ गिरावट आई, लेकिन सूचकांक लगातार हरे निशान में बना रहा। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 752.09 अंक की बढ़त के साथ 76,167.44 अंक पर कारोबार कर रहा था।

निफ्टी भी बढ़त के साथ कारोबार में
एनएसई निफ्टी ने 220.95 अंक की उछाल के साथ 23,940.25 अंक पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती तेजी के दौरान यह 23,989.10 अंक तक पहुंच गया। बाद में बिकवाली का दबाव आने से इसमें हल्की नरमी आई, लेकिन सुबह 10 बजे तक निफ्टी 216.85 अंक की मजबूती के साथ 23,936.15 अंक पर कारोबार करता नजर आया।

इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा तेजी
शुरुआती कारोबार में आयशर मोटर्स, श्रीराम फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर 5.15 प्रतिशत से 2.23 प्रतिशत तक मजबूत हुए।

वहीं दूसरी ओर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, टीसीएस, मैक्स हेल्थकेयर और सन फार्मास्यूटिकल्स के शेयरों में 2.01 प्रतिशत से 0.24 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई।

बाजार में चौतरफा खरीदारी
सुबह 10 बजे तक बाजार में 2,786 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें 2,229 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में थे, जबकि 557 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर और निफ्टी के 50 में से 41 शेयर बढ़त में बने हुए थे।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र शुक्रवार को सेंसेक्स 231.99 अंक की तेजी के साथ 75,415.35 अंक और निफ्टी 64.60 अंक की बढ़त के साथ 23,719.30 अंक पर बंद हुआ था।

Share

Similar Posts