नगर निगम कर्मचारी के आत्महत्या प्रयास पर बवाल! करणी सेना ने अधिकारियों पर प्रताड़ना के लगाए गंभीर आरोप
नगर निगम कर्मचारी के आत्महत्या प्रयास पर बवाल! करणी सेना ने अधिकारियों पर प्रताड़ना के लगाए गंभीर आरोप
इंदौर नगर निगम के जोन क्रमांक-6 में पदस्थ सहायक सीएसआई महेंद्र सिंह चौहान द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर करणी सेना ने नगर निगम अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डीसीपी कार्यालय पहुंची करणी सेना
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता डीसीपी जोन-3 कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग की। संगठन का आरोप है कि नगर निगम कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
परिजनों के अनुसार, हाल ही में क्षेत्र निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर महेंद्र सिंह चौहान को हाजिरी मुक्त कर दिया गया था, जबकि अन्य कर्मचारियों के मामलों में केवल वेतन कटौती जैसी कार्रवाई की गई थी।
आरोप है कि अपनी बात रखने और न्याय की मांग को लेकर उन्होंने नगर निगम आयुक्त से मिलने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वे लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे।
जहरीला पदार्थ खाकर किया आत्महत्या का प्रयास
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह महेंद्र सिंह चौहान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
आंदोलन की चेतावनी
करणी सेना ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कर्मचारियों के साथ इसी तरह का व्यवहार जारी रहा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन नगर निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगा।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।





