राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 18 जून को होगा मतदान; महाराष्ट्र-तमिलनाडु में उपचुनाव भी

राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 18 जून को मतदान; महाराष्ट्र-तमिलनाडु में उपचुनाव भी
देश की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और महाराष्ट्र व तमिलनाडु की दो रिक्त सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा कर दी है। आयोग के मुताबिक, सभी सीटों के लिए 18 जून 2026 को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना कर परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
10 राज्यों की 24 सीटों पर होगा चुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार, जिन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई में समाप्त हो रहा है, उनकी सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटें, मध्यप्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटें, झारखंड की दो सीटें, जबकि मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और मेघालय की एक-एक सीट शामिल हैं।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में उपचुनाव क्यों?
महाराष्ट्र की राज्यसभा सीट सुनेत्रा अजित पवार के इस्तीफे के बाद खाली हुई है, जबकि तमिलनाडु में सी. वी. शनमुगम के इस्तीफे के चलते सीट रिक्त हुई। इन दोनों सीटों के लिए भी उपचुनाव कराया जाएगा। इनका कार्यकाल क्रमशः 4 जुलाई 2028 और 29 जून 2028 तक था।
चुनाव का पूरा शेड्यूल
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार:
- 1 जून 2026 – अधिसूचना जारी
- 8 जून 2026 – नामांकन की अंतिम तिथि
- 9 जून 2026 – नामांकन पत्रों की जांच
- 11 जून 2026 – नाम वापसी की अंतिम तिथि
- 18 जून 2026 – मतदान और मतगणना
- 20 जून 2026 – चुनाव प्रक्रिया पूरी
मध्यप्रदेश से इन नेताओं का कार्यकाल खत्म
मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खरगे, एच.डी. देवगौड़ा, नारायण कोरगप्पा और इरन्ना कडाडी का कार्यकाल खत्म होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इन चुनावों के नतीजे संसद के ऊपरी सदन की ताकत और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर असर डाल सकते हैं।






