मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘विकसित भारत’ विजन पर चर्चा, PM मोदी बोले- ईज ऑफ लिविंग और सुधारों पर रहा फोकस
मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘विकसित भारत’ के विजन पर चर्चा: प्रधानमंत्री मोदी
Narendra Modi ने शुक्रवार को कहा कि हाल ही में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘ईज ऑफ लिविंग’, ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने इसे सार्थक और भविष्य की दिशा तय करने वाली बैठक बताया।
पीएम मोदी ने एक्स पर साझा की जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि गुरुवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक बेहद उपयोगी रही, जिसमें मंत्रियों के बीच विभिन्न विषयों पर विचारों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि बैठक में आम लोगों का जीवन आसान बनाने, कारोबार को सुगम करने और सुधारों की गति तेज करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि ‘विकसित भारत’ के साझा संकल्प को साकार किया जा सके।
साढ़े चार घंटे चली मैराथन बैठक
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार शाम मंत्रिपरिषद की मैराथन बैठक की अध्यक्षता की थी। नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में शाम करीब 5 बजे शुरू हुई यह उच्चस्तरीय बैठक करीब साढ़े चार घंटे तक चली।
बैठक में शासन सुधार, प्रशासनिक दक्षता और ‘विकसित भारत 2047’ विजन पर विस्तार से मंथन हुआ। करीब 9 मंत्रियों ने अपने मंत्रालयों के कामकाज की प्रेजेंटेशन दी, जबकि कई मंत्रालयों के प्रदर्शन और पिछले दो वर्षों के कार्यों की समीक्षा भी की गई।
आर्थिक नीतियों और विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा
बैठक के दौरान सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, मंत्रालयों के समन्वय और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात को देखते हुए आर्थिक नीतियों, विकास परियोजनाओं और भविष्य के रोडमैप पर भी विचार-विमर्श हुआ।
सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ लक्ष्य को लेकर मंत्रियों के बीच साझा रणनीति और बेहतर प्रशासनिक मॉडल पर भी जोर दिया गया।






