इंदौर के मालीनगर में जल संकट गहराया, 8 दिन बाद पहुंच रहे पानी के टैंकर
इंदौर के मालीनगर में जल संकट गहराया, पानी के लिए सड़क पर उतरे लोग
इंदौर के गंगवाल बस स्टैंड के पास स्थित मालीनगर में इन दिनों पानी की भारी किल्लत ने रहवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इलाके में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को हफ्ते में एक बार भी समय पर पानी का टैंकर नहीं मिल पा रहा। रहवासियों का आरोप है कि आठ-आठ दिनों के अंतराल के बाद टैंकर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है।
खाली बर्तनों से भर गई पूरी गली
मालीनगर में बुधवार सुबह एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। पानी के टैंकर के इंतजार में पूरी गली खाली बर्तनों और बड़ी-बड़ी टंकियों से भर गई। लोगों ने अपने घरों के ड्रम, बाल्टियां, कैन और पानी जमा करने वाले हर छोटे-बड़े बर्तन सड़क पर लाइन से लगा दिए, ताकि टैंकर आते ही पानी भर सकें।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूरा इलाका मानो खाली बर्तनों का मैदान बन गया था और हर कोई पानी भरने की चिंता में परेशान दिखाई दिया।
पार्षद पर उपेक्षा का आरोप
रहवासियों ने क्षेत्र के पार्षद और जिम्मेदार अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा और जनप्रतिनिधि इलाके की सुध लेने तक नहीं पहुंचते।
बोरिंग सूखी, नर्मदा लाइन से भी नहीं मिल रहा पानी
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इलाके की बोरिंग पूरी तरह सूख चुकी है, जबकि नर्मदा लाइन से नियमित जल सप्लाई भी बाधित है। ऐसे में लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी भारी संघर्ष करना पड़ रहा है। कई परिवारों को पानी बचाकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जबकि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
रहवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि मालीनगर में नियमित पानी सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके।






