इंदौर में मेडिकल छात्रा की साइबर स्टॉकिंग: दोस्ती टूटते ही युवक बना सिरफिरा आशिक, फेक आईडी बनाकर वायरल की तस्वीरें
शहर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में एक मेडिकल छात्रा के साथ ‘डर’ फिल्म जैसी साइबर स्टॉकिंग का मामला सामने आया है। एक युवक ने ऑनलाइन दोस्ती के बाद छात्रा का पीछा करना शुरू कर दिया और दोस्ती खत्म होने पर उसकी जिंदगी को परेशानियों से भर दिया। आरोपी ने छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर निजी तस्वीरें वायरल कर दीं। पुलिस ने मामले में बिहार निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑनलाइन ऐप से हुई दोस्ती, फिर शुरू हुआ पीछा
पुलिस के अनुसार, फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय छात्रा की करीब चार महीने पहले एक ऑनलाइन ऐप के जरिए उत्कर्ष कुमार पिता अरविंद कुमार निवासी चित्रकूट नगर, बिहार से बातचीत शुरू हुई थी।
शुरुआत में दोनों सामान्य दोस्त की तरह मिले-जुले, लेकिन कुछ समय बाद युवक ने छात्रा की निजता और सुरक्षा में दखल देना शुरू कर दिया।
बिना मर्जी घर और कॉलेज पहुंचने लगा आरोपी
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसकी इच्छा के बिना घर और कॉलेज के पते पर ऑनलाइन गिफ्ट्स भेजने लगा। इतना ही नहीं, वह बिना बताए घर के बाहर और कॉलेज गेट पर खामोशी से खड़ा होकर पीछा करने लगा।
इससे परेशान होकर छात्रा ने आरोपी से दोस्ती खत्म करने की बात कह दी, जिसके बाद युवक का व्यवहार और आक्रामक हो गया।
फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल की निजी तस्वीरें
दोस्ती टूटने से नाराज आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रा को परेशान करना शुरू कर दिया। उसने इंस्टाग्राम पर छात्रा के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई और उस पर उसकी निजी तस्वीरें पोस्ट कर दीं।
जब छात्रा को इसकी जानकारी मिली तो उसने आरोपी से संपर्क कर तस्वीरें हटाने को कहा, लेकिन उसने बात नहीं मानी। आरोपी लगातार फोन कॉल और सोशल मीडिया के जरिए परेशान और धमकाने लगा।
संयोगितागंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
परेशान छात्रा ने परिजनों के साथ संयोगितागंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी उत्कर्ष कुमार सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और साइबर एंगल से भी जांच जारी है।






