टी-20 मुंबई लीग 2026 के लिए ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की टीम घोषित, शार्दुल ठाकुर करेंगे कप्तानी
टी-20 मुंबई लीग 2026 के लिए ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने बुधवार को अपनी टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी। भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। टीम इस बार पिछले सीजन की कमी को पूरा कर खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
पिछले सीजन में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स का प्रदर्शन शानदार रहा था और टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां उसे आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में फ्रेंचाइजी इस बार मजबूत संयोजन के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है।
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण
टीम में इस बार अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि युवा खिलाड़ी बड़े मंच पर खुद को साबित करेंगे और टीम को सफलता दिलाएंगे।
टीम के मालिक विक्की रूपचंदानी ने कहा कि वे इस सीजन की टीम से काफी संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि टीम में ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं जो अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन बनाते हैं।
उन्होंने कहा, “पिछली बार हम सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन इस बार हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है। हमें पूरा भरोसा है कि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और समर्थकों को गर्व महसूस कराएंगे।”
1 जून से शुरू होगी टी-20 मुंबई लीग
टी-20 मुंबई लीग 2026 का आयोजन 1 जून से 13 जून तक किया जाएगा। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स अपना पहला मुकाबला 1 जून को बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ खेलेगी। पुरुष वर्ग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें शीर्ष चार टीमें 11 जून को होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की टीम
आदित्य विनोद गिरी, अमर्त्य राजे, अनुज विनोद गिरी, अथर्व अंकोलेकर, अयान मोहित जैन, एकनाथ दिनेश केरकर, कार्तिक मिथिलेश मिश्रा, मनन भाट, ओंकार तुकाराम तरमले, रोहन राजेंद्र घाग, साईराज पाटिल, शार्दुल ठाकुर, शशिकांत एकनाथ कदम, शाश्वत योगेश जगताप, शॉन मोतीराम रोड्रिग्स, शिवांश लल्लन सिंह, सिद्धांत मनोज सिंह, सुमेर सम्राट जावेरी, विनय सुरेश कुंवर और धनय पारेख।






