दिल्ली में टैक्सी और ऑटो चालकों की 3 दिन की हड़ताल का ऐलान, किराया बढ़ाने की मांग तेज
दिल्ली में बढ़ती पेट्रोल, डीजल और CNG कीमतों के विरोध में टैक्सी और ऑटो चालक यूनियनों ने 21 से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों ने किराया बढ़ाने और चालकों को राहत देने की मांग करते हुए दिल्ली सरकार पर दबाव बनाया है।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर टैक्सी और ऑटो किराए में संशोधन की मांग की है। चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने कहा कि लगातार बढ़ती CNG, पेट्रोल और डीजल कीमतों के कारण मध्यम वर्गीय चालक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि एक या दो सप्ताह के भीतर किराया बढ़ाने की अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। चालकों ने सरकार से ऐसी नीतियां बनाने की भी मांग की है, जिससे टैक्सी ड्राइवरों के आर्थिक शोषण को रोका जा सके।
इधर, मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई। दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में CNG की कीमत भी बढ़ाकर 80.09 रुपये प्रति किलो कर दी गई है।
ईंधन की कीमतों में यह लगातार बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक कच्चे तेल बाजार में अस्थिरता के बीच हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जिससे आने वाले दिनों में परिवहन क्षेत्र पर और दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।






