नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई! भारतीय नागरिक से 570 ग्राम सोना और 20 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद

नेपाल के पूर्वी झापा जिले के मेचीनगर स्थित कांकडभिट्टा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक को 570 ग्राम सोना और 20 हजार अमेरिकी डॉलर के साथ गिरफ्तार किया है। सशस्त्र प्रहरी बल और कस्टम कार्यालय की संयुक्त टीम ने विशेष सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।

सीमा जांच के दौरान पकड़ा गया भारतीय नागरिक

सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के अनुसार, भारत से सिटी सफारी वाहन के जरिए नेपाल में प्रवेश कर रहे 39 वर्षीय परम पाठक को मंगलवार सुबह जांच के दौरान हिरासत में लिया गया। तलाशी में उसके पास से 570 ग्राम सोना, 20 हजार अमेरिकी डॉलर और 85 हजार 410 भारतीय रुपये बरामद किए गए।

कई संदिग्ध सामान भी बरामद

जांच के दौरान अधिकारियों को आरोपी के पास से एक भारतीय आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक हार्ड डिस्क, एक बैंक चेक और सात सिम कार्ड भी मिले हैं। बरामद सामान को देखते हुए एजेंसियां मामले को गंभीरता से जांच रही हैं।

जांच एजेंसियां खंगाल रही हैं मकसद

सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता एवं नायब महानिरीक्षक बिष्णु प्रसाद भट्ट ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को बरामद सामग्री के साथ मेची भंसार कार्यालय, कांकडभिट्टा को सौंप दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, परम पाठक किस उद्देश्य से नेपाल में प्रवेश कर रहा था और बरामद सोना व विदेशी मुद्रा का स्रोत क्या है, इसकी जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि मामला तस्करी, हवाला नेटवर्क या किसी अन्य वित्तीय गतिविधि से जुड़ा है या नहीं।

भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी निगरानी

हाल के महीनों में भारत-नेपाल सीमा पर सोना, विदेशी मुद्रा और संदिग्ध वस्तुओं की तस्करी के कई मामले सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। कांकडभिट्टा सीमा क्षेत्र को व्यापार और आवागमन के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।

Share

Similar Posts