FIFA World Cup 2026: ब्राज़ील टीम का ऐलान, नेमार की वापसी; विनीसियस जूनियर भी शामिल

FIFA World Cup 2026 के लिए ब्राज़ील पुरुष फुटबॉल टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। टीम के नए मुख्य कोच कार्लो एंचेलोटी ने सोमवार को विश्व कप स्क्वाड की घोषणा की, जिसमें सबसे बड़ी खबर स्टार फुटबॉलर नेमार की वापसी रही। नेमार करीब तीन साल बाद फिर से राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं।
नेमार की धमाकेदार वापसी
34 वर्षीय नेमार साल 2023 के बाद पहली बार ब्राज़ील की राष्ट्रीय टीम में शामिल किए गए हैं। वह अपने करियर का चौथा फीफा विश्व कप खेलने उतरेंगे। नेमार ब्राज़ील के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 128 मैचों में 79 गोल दागे हैं।
जब कार्लो एंचेलोटी ने रियो डी जेनेरियो के Museum of Tomorrow में नेमार का नाम लिया, तो वहां मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
विनीसियस जूनियर और राफिन्हा भी टीम में
ब्राज़ील की टीम में स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर, राफिन्हा, गेब्रियल मार्टिनेली, एंड्रिक और मथियस कुन्हा को भी शामिल किया गया है। इससे टीम का आक्रमण काफी मजबूत नजर आ रहा है।
मिडफील्ड में कासेमिरो, ब्रूनो गुइमारेस, लुकास पाक्वेटा और फाबिन्हो जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है, जबकि डिफेंस की जिम्मेदारी मार्किन्होस, गेब्रियल मागाल्हाएस और ब्रेमर जैसे खिलाड़ियों के कंधों पर होगी।
किस ग्रुप में है ब्राज़ील?
FIFA World Cup 2026 में ब्राज़ील को मोरक्को, हैती और स्कॉटलैंड के साथ ग्रुप में रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 13 जून को मोरक्को के खिलाफ खेलेगी।
फीफा विश्व कप 2026 के लिए ब्राज़ील टीम
गोलकीपर:
एलिसन, एडर्सन, वेवर्टन
डिफेंडर:
मार्किन्होस, गेब्रियल मागाल्हाएस, ब्रेमर, लियो परेरा, डेनिलो, वेस्ले, डगलस सैंटोस, एलेक्स सैंड्रो, इबानेज
मिडफील्डर:
ब्रूनो गुइमारेस, कासेमिरो, डेनिलो एस., लुकास पाक्वेटा, फाबिन्हो
फॉरवर्ड:
विनीसियस जूनियर, राफिन्हा, गेब्रियल मार्टिनेली, एंड्रिक, इगोर थियागो, मथियस कुन्हा, नेमार, लुइज हेनरिक, रायन
कार्लो एंचेलोटी के नेतृत्व में ब्राज़ील टीम इस बार रिकॉर्ड छठा विश्व कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि फैंस की निगाहें नेमार की वापसी और विनीसियस जूनियर के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।






