Spain को बड़ा झटका! World Cup 2026 के पहले मैच से बाहर हुए स्टार खिलाड़ी लामिन यामाल

FIFA World Cup 2026 शुरू होने से पहले स्पेन फुटबॉल टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार युवा फॉरवर्ड लामिन यामाल चोट के कारण 15 जून को होने वाले शुरुआती मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यामाल अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं।

पहले मैच से बाहर हुए लामिन यामाल

रिपोर्ट के अनुसार, 18 वर्षीय स्टार खिलाड़ी लामिन यामाल हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते वह 15 जून को केप वर्डे के खिलाफ स्पेन के पहले विश्व कप मैच में नहीं खेल पाएंगे। इतना ही नहीं, 21 जून को सऊदी अरब के खिलाफ होने वाले दूसरे मुकाबले में उनकी उपलब्धता पर भी संशय बना हुआ है।

बार्सिलोना मैच के दौरान लगी थी चोट

यामाल को यह चोट 22 अप्रैल को एफसी बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए सेल्टा वीगो के खिलाफ मुकाबले में लगी थी। पेनल्टी पर गोल करने के दौरान उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट आ गई थी, जिसके बाद वह क्लब सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे।

स्पेन को एक और बड़ा झटका

स्पेन और बार्सिलोना के मिडफील्डर फरमिन लोपेज भी चोट के कारण लगभग पूरे विश्व कप से बाहर हो गए हैं। रियल बेटिस के खिलाफ मैच के दौरान उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया था और अब उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ेगा।

स्पेन का वर्ल्ड कप शेड्यूल

स्पेन फुटबॉल टीम अपना पहला मुकाबला 15 जून को अमेरिका के अटलांटा में केप वर्डे के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम 21 जून को सऊदी अरब और 26 जून को उरुग्वे से भिड़ेगी। उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला मेक्सिको के ग्वाडलाहारा में खेला जाएगा।

शानदार फॉर्म में थे यामाल

गौरतलब है कि लामिन यामाल ने Euro 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। स्पेन के लिए 25 मैचों में 6 गोल कर चुके यामाल ने इस सीजन ला लीगा में 28 मैचों में 16 गोल और सभी प्रतियोगिताओं में 45 मैचों में कुल 24 गोल दागे हैं।

स्पेन अगले सोमवार को अपनी 26 सदस्यीय FIFA World Cup 2026 टीम की घोषणा करेगा, जिसमें यामाल की फिटनेस पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।

Share

Similar Posts