त्रिपुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक पलटने से 4 मजदूरों की मौत, 6 घायल

त्रिपुरा के धलाई जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पत्थर के चिप्स से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसा लोंगतराई वैली उपखंड क्षेत्र में हुआ। ट्रक चावमानु से बीजू बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) की ओर निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था। सीमा क्षेत्र में चल रहे आधारभूत ढांचा निर्माण कार्य के लिए पत्थर के चिप्स पहुंचाए जा रहे थे। इसी दौरान खराब और खड़ी चढ़ाई वाले रास्ते पर वाहन संतुलन खो बैठा।
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक चढ़ाई पार नहीं कर सका और अचानक पीछे की ओर लुढ़कते हुए पलट गया। ट्रक के ऊपर पत्थरों के ढेर पर बैठे मजदूर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद भारी मात्रा में पत्थर उनके ऊपर गिर गए। इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान बालीधनजय त्रिपुरा (47), मजीदा त्रिपुरा (50), बाथोजोय त्रिपुरा (39) और नारजोय त्रिपुरा (36) के रूप में की है। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खराब सड़क, खड़ी चढ़ाई और संभावित लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।






