NSG ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे एमएस धोनी, मशीनगन चलाई और कमांडोज संग बिताया समय

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने IPL 2026 के बीच रविवार को चेन्नई स्थित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) रीजनल हब का दौरा किया। यहां धोनी ने सब-मशीनगन (छोटी मशीनगन) चलाई और पिस्टल से निशाना भी लगाया। इस दौरान उन्होंने NSG कमांडोज और उनके परिवारों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया।
44 वर्षीय धोनी ने कमांडोज से बातचीत के दौरान मजाकिया अंदाज में पूछा, “फिट लग रहा हूं न?” इस पर जवानों ने जवाब दिया कि पिछली बार की तुलना में वे थोड़ा कम फिट दिख रहे हैं। इस पर धोनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि “जैसे-जैसे समय बढ़ता है, मेहनत ज्यादा करनी पड़ती है।”
बताया जा रहा है कि धोनी इससे पहले भी 2023 में NSG कैंप का दौरा कर चुके हैं। उनकी सैन्य गतिविधियों में रुचि और सेना से जुड़ाव किसी से छिपा नहीं है। धोनी भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक भी रखते हैं और 106 पैरा टेरिटोरियल आर्मी बटालियन का हिस्सा हैं।
धोनी ने भारतीय सेना के साथ कश्मीर में दो सप्ताह की ट्रेनिंग भी की थी। इसके अलावा वह 2015 में क्वालिफाइड पैराट्रूपर बने थे और 2018 में पद्म भूषण सम्मान लेने राष्ट्रपति भवन सेना की वर्दी पहनकर पहुंचे थे।
वहीं क्रिकेट की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार खिलाड़ी धोनी इस IPL सीजन में काफ स्ट्रेन (पिंडली की चोट) के कारण अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेपक स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में उनके खेलने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
धोनी के फैंस को उम्मीद है कि टीम के लिए अहम मुकाबले में वह मैदान पर वापसी कर सकते हैं।






