अरिजीत सिंह के सपोर्ट में आए अदनान सामी, बोले- प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का फैसला सोच-समझकर लिया

अरिजीत सिंह के सपोर्ट में आए अदनान सामी, बोले- फैसला सोच-समझकर लिया गया

मुंबई। मशहूर सिंगर और कंपोजर Adnan Sami ने गायक Arijit Singh के प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के फैसले का समर्थन किया है। अदनान सामी ने कहा कि अरिजीत के इस निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए और इस पर बेवजह अटकलें नहीं लगानी चाहिए।

न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में 54 वर्षीय अदनान सामी ने कहा, “अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का फैसला पूरे होशोहवास में किया है। हमें उनके इस फैसले का सम्मान करना चाहिए। यह कोई जल्दबाजी में लिया गया निर्णय नहीं है, बल्कि इसके पीछे उनकी गहरी सोच होगी।”

अदनान ने यह बात अपने नए सिंगल ‘Lipstick Laga Ke, Nazar Utaar Le’ के लॉन्च के दौरान कही, जो जी म्यूजिक कंपनी के तहत रिलीज हुआ है।

वजह बताने के लिए बाध्य नहीं हैं अरिजीत

अदनान सामी ने कहा कि अरिजीत सिंह को अपने फैसले की वजह सार्वजनिक करने की कोई मजबूरी नहीं है। उन्होंने कहा, “इसके पीछे जरूर कोई बड़ी वजह होगी, जिसे वे खुद बेहतर जानते हैं। दुनिया को इसे तुरंत बताने की जरूरत नहीं है। समय आने पर सबको पता चल जाएगा। यह उनकी जिंदगी है, जब वे सहज महसूस करेंगे, खुद वजह साझा कर देंगे। तब तक हमें उन्हें पर्सनल स्पेस देना चाहिए।”

जनवरी में करियर के पीक पर लिया था बड़ा फैसला

गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में Arijit Singh ने अपने करियर के सबसे ऊंचे मुकाम पर प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा कर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया था।

इंस्टाग्राम पोस्ट में अरिजीत ने लिखा था कि वे अब प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नए असाइनमेंट नहीं लेंगे। उन्होंने अपने प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा था कि यह सफर बेहद शानदार रहा और उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।

म्यूजिक कंपनियों के दबाव पर भी बोले अदनान

म्यूजिक इंडस्ट्री में कंपनियों के दबाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अदनान सामी ने साफ कहा कि हर कंपनी की अपनी नीति होती है। उन्होंने कहा, “अगर आपको उनकी पॉलिसी पसंद नहीं है, तो कोई आपके सिर पर बंदूक नहीं रख रहा है। समस्या तब होती है जब कलाकार खुद यह सोचने लगता है कि बात न मानने पर वह मुश्किल में पड़ जाएगा।”

एक नजर अरिजीत सिंह के शानदार करियर पर

Arijit Singh का जन्म 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के जीयागंज में हुआ था। संगीत से उनका जुड़ाव बचपन से रहा। उन्होंने 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो ‘Fame Gurukul’ में हिस्सा लिया, हालांकि वह शो नहीं जीत सके।

इसके बाद उन्होंने बैकग्राउंड सिंगिंग से शुरुआत की और फिल्म ‘Murder 2’ के सुपरहिट गाने ‘फिर मोहब्बत करने चला है तू’ से बतौर प्लेबैक सिंगर पहचान बनाई। बाद में ‘राब्ता’, ‘तुम ही हो’, ‘केसरिया’, ‘चन्ना मेरेया’ जैसे गानों ने उन्हें देश के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल कर दिया।

अरिजीत सिंह अब तक 700 से ज्यादा गाने गा चुके हैं, जिनमें 532 हिंदी, 144 बंगाली और 25 तेलुगु गाने शामिल हैं। उन्हें 2 नेशनल अवॉर्ड, 8 फिल्मफेयर समेत कुल 122 पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें 2018 में ‘बिनते दिल’ और 2022 में ‘केसरिया’ गाने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। वहीं, 2015 में पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

Share

Similar Posts