विश्व दूरसंचार दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं, बोले- संचार क्रांति ने दुनिया को परिवार बनाया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व दूरसंचार दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने देश की नवाचार आधारित विकास यात्रा में दूरसंचार और संचार तकनीक की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जारी अपने संदेश में कहा कि संचार क्रांति ने दुनिया को पहले से कहीं अधिक करीब ला दिया है और लोगों के जीवन को सहज बनाया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, “विश्व दूरसंचार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। संचार क्रांति ने विभिन्न माध्यमों से दूरियां समेटकर विश्व को परिवार जैसा बना दिया है, जीवन सहज हुआ है। इस अवसर पर उन सभी वैज्ञानिकों को नमन करता हूं, जिन्होंने संचार माध्यमों के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।”
हर साल 17 मई को मनाया जाता है विश्व दूरसंचार दिवस
गौरतलब है कि विश्व दूरसंचार एवं सूचना समाज दिवस (World Telecommunication and Information Society Day) हर वर्ष 17 मई को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य इंटरनेट और संचार तकनीकों के सामाजिक व आर्थिक लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
यह दिवस अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) की स्थापना की याद में मनाया जाता है। आईटीयू संयुक्त राष्ट्र की डिजिटल-प्रौद्योगिकी एजेंसी है, जिसकी स्थापना 17 मई 1865 को पेरिस में पहले अंतर्राष्ट्रीय टेलीग्राफ कन्वेंशन पर हस्ताक्षर के साथ हुई थी। इस दिवस को आधिकारिक तौर पर 1969 से मनाया जा रहा है।






