|

दिल्ली सरकार ने एयरलाइंस को बड़ी राहत, ATF पर VAT 25% से घटाकर 7% किया

Delhi सरकार ने एयरलाइन कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) में भारी कटौती का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री Rekha Gupta के नेतृत्व में दिल्ली कैबिनेट ने ATF पर VAT को 25 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत करने का फैसला लिया है।

सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण वैश्विक स्तर पर एविएशन फ्यूल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इससे एयरलाइन कंपनियों की ऑपरेशनल कॉस्ट में भारी इजाफा हुआ है।

एयरलाइन कंपनियां लंबे समय से मांग कर रही थीं कि राजधानी दिल्ली जैसे बड़े एविएशन हब पर ऊंची टैक्स दरें परिचालन लागत बढ़ा रही हैं, जिससे कंपनियों पर आर्थिक दबाव पड़ रहा है। माना जा रहा है कि वैट में यह कटौती एयरलाइंस को राहत देने के साथ-साथ हवाई किराए में संभावित बढ़ोतरी को रोकने में मदद कर सकती है।

दिल्ली से पहले Maharashtra सरकार ने भी ATF पर VAT को 18 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया था। इसके बाद महाराष्ट्र के एयरपोर्ट्स पर फ्यूल अपलिफ्ट गतिविधियों में वृद्धि देखी गई थी, जिससे एविएशन सेक्टर को फायदा मिला।

विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में एविएशन फ्यूल पर टैक्स दुनिया के कई देशों की तुलना में अधिक है। टैक्स में कमी से एयर कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और विमानन क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास को मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों के मुताबिक, एयरलाइन कंपनियों के कुल खर्च में ईंधन लागत की हिस्सेदारी सबसे अधिक होती है, इसलिए ATF पर टैक्स कम होने का असर कंपनियों के मुनाफे के साथ-साथ यात्रियों के लिए टिकट दरों पर भी दिखाई दे सकता है। दिल्ली सरकार का यह फैसला राष्ट्रीय राजधानी को अन्य बड़े एविएशन हब्स के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बनाए रखने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Share

Similar Posts