इंदौर बनेगा ‘सोलर सिटी’, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया 900 मेगावाट का लक्ष्य

इंदौर के महापौर Pushyamitra Bhargav ने शहर के धेनू मार्केट क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हाइड पार्क रेजिडेंस सोसाइटी के सोलर मॉडल की सराहना करते हुए इसे पूरे शहर के लिए प्रेरणादायी बताया।
महापौर ने कहा कि इंदौर केवल क्लीन सिटी ही नहीं, बल्कि अब ‘सोलर सिटी’ बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ‘हर घर सोलर’ अभियान और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत शहर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के अनुसार, इंदौर ने 900 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य तय किया है। इसमें से करीब 100 मेगावाट क्षमता नागरिकों द्वारा स्वयं विकसित की जा रही है, जो शहरवासियों की बढ़ती जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हाइड पार्क रेजिडेंस सोसाइटी का सोलर मॉडल अन्य आवासीय परिसरों और नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकता है। यदि अधिक से अधिक लोग अपने घरों और सोसायटी में सोलर सिस्टम अपनाते हैं, तो इससे बिजली खर्च कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
महापौर ने यह भी कहा कि इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में पहचान बना चुका है और अब ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के क्षेत्र में भी उदाहरण बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से आम नागरिकों को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।






