मप्र के बैतूल में भूकंप के झटके, 3.9 रही तीव्रता; मुलताई समेत कई इलाकों में दहशत

मप्र के बैतूल जिले में महसूस किए गए भूकंप के झटके, 3.9 रही तीव्रता
भोपाल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रात 9 बजकर 31 मिनट 2 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के मानीखापा गांव के पास था। भूकंप की गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। यह केंद्र पचमढ़ी से लगभग 68 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा में स्थित था।
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का असर बैतूल और छिंदवाड़ा जिले की सीमा से लगे इलाकों में भी महसूस किया गया। कम गहराई के कारण कंपन अधिक महसूस हुआ। मुलताई और पांढुर्णा सहित कई क्षेत्रों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय समाजसेवी पाशा खान ने बताया कि रात करीब 9:31 बजे अचानक कंपन महसूस हुआ और घरों के गेट, खिड़कियां तथा दरवाजे हिलने लगे। इसके बाद कुछ देर तक हल्के झटके महसूस होते रहे, जिससे लोग सतर्क हो गए और एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेने लगे।
विशेषज्ञों के अनुसार, मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स की संभावना बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हल्के कंपन महसूस किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, जर्जर भवनों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।






