|

पंजाब में बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम सुरक्षित बाहर, 9 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

पंजाब के होशियारपुर में बोरवेल में गिरे बच्चे को 9 घंटे बाद सुरक्षित निकाला

चंडीगढ़। पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव चक्क समाना में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां खुले बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय बच्चे गुरकरन सिंह को करीब 9 घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे को तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, गुरकरन सिंह, जो मजदूर दंपत्ति हरिंदर और आशा का बेटा है, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपने घर के पास खुले बोरवेल में गिर गया था। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ, पंजाब पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू किया गया।

करीब 30 फीट गहराई में फंसे बच्चे तक पहुंचने के लिए बचाव दल ने बोरवेल के समानांतर 30 फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदा और एक संकरे रास्ते के जरिए बच्चे तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 12:40 बजे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जिला प्रशासन ने बोरवेल में कैमरा और ऑक्सीजन पाइप भी उतारे थे, जिससे बच्चे की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। बचाव कार्य को तेज और सुरक्षित बनाने के लिए भारी मशीनरी का भी इस्तेमाल किया गया।

उपायुक्त आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने शुरुआत से ही पूरे अभियान की निगरानी की। उपायुक्त ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और सभी एजेंसियों के समन्वय से बच्चे की जान बचाई जा सकी।

उन्होंने कहा कि 40 से अधिक सदस्यीय एनडीआरएफ टीम ने अपनी विशेषज्ञता से बेहद चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफल बनाया। वहीं पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और होशियारपुर सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने भी मौके पर मौजूद रहकर टीमों के प्रयासों की सराहना की।

प्रशासन और बचाव दल की तत्परता की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और मासूम गुरकरन सिंह की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

Share

Similar Posts